सत्ता और खाकी के संरक्षण में पल रहे अपराधी ने पत्रकार पर किया जानलेवा हमला
साकिब बेग के उपर हुए प्राणघातक हमले का प्रमुख आरोपी है शातिर अभियुक्त गोलू पाण्डेय
*खबर का खौफ: शाकिब बेग पर दुस्साहसिक हमला करने के आरोपी गोलू पांडे पर हमले का आरोप*
*सत्ता और खाकी के संरक्षण पर उठे गंभीर सवाल*
*कृष्णानन्द शर्मा*
लखनऊ,अंबेडकरनगर जनपद में अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा प्रहार किया है। अकबरपुर से केदार नगर की ओर जा रहे निर्भीक पत्रकार अखंड प्रताप सिंह पर घात लगाए हमलावरों ने उनके चार पहिया वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल उठा। खुद को घिरता देख पत्रकार ने सूझबूझ दिखाई और गन्ने के खेत में भागकर अपनी जान बचाई। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वे जीवन और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
*खबरों की ‘कीमत’ चुका रहा लोकतंत्र का प्रहरी*
सूत्रों के अनुसार, यह हमला पूरी तरह सुनियोजित था। पत्रकार अखंड प्रताप सिंह द्वारा क्षेत्र के भू-माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ लगातार खबरें चलाई जा रही थीं। इसी ‘जुर्म’ की सजा देने के लिए उन पर यह जानलेवा हमला हुआ। गन्ने के खेत में भागने के दौरान भी हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग की, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
*इब्राहिमपुर पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल*
इस वारदात ने स्थानीय पुलिस को कठघरे में खड़ा कर दिया है। आरोप है कि हमलावर गोलू पांडे, जो पहले भी शाकिब बेग पर जानलेवा हमला करने में मुख्य आरोपी रहा है, उसे इब्राहिमपुर पुलिस का मूक समर्थन प्राप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की इसी ‘मेहरबानी’ और एक रसूखदार भाजपा नेता के वरदहस्त के कारण अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। घटना के बाद भी पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली को लेकर पत्रकारों में भारी आक्रोश है।
*अस्पताल पहुंचे कांग्रेस नेता, सरकार को घेरा*
घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पत्रकार का हालचाल जाना और प्रशासन को आड़े हाथों लिया। यादव ने दो टूक कहा, “अंबेडकरनगर अब अपराधियों की शरणस्थली बन चुका है। जब पत्रकार ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता का क्या होगा? पुलिस अपराधियों को पकड़ने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है।”
*पत्रकार जगत में उबाल: गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी*
जिले के समस्त पत्रकार संगठनों ने इस हमले की तीव्र निंदा की है। पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पत्रकार के परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग करेगा। पत्रकारों ने चेतावनी दी है कि यदि २४ घंटे के भीतर ‘गोलू पांडे’ और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए टीमें गठित कर दी गई हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। अपराधी चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा- अपर पुलिस अधीक्षक(ग्रामीण) अम्बेडकर नगर

